CUET UG 2026: आज 30 मई, शनिवार को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की परीक्षा (CUET UG 2026) कई केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते समय पर नहीं शुरू हो पाई. आज सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा देशभर के कई केंद्रों पर करीब 11:23 बजे शुरू हुई. जिसके बाद छात्रों और अभिभावकों में गुस्सा देखने को मिला. वहीं, परीक्षा में देरी होने के बाद NTA ने अपडेट जारी करते हुए नया शेड्यूल लागू किया.
परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी CUET UG 2026
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की परीक्षा देशभर के कई केंद्रों पर आयोजित की जा रही थी. हालांकि, कई केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाई. जिसके बाद परीक्षा कराने वाली एजेंसी Tata Consultancy Services ने ये जानकारी दी कि सिस्टम में आई तकनीकी समस्या के चलते परीक्षा में देरी हुई. हालांकि, अब इसे ठीक कर लिया गया है.
व्यवस्था को भी लेकर सामने आई शिकायत
छात्रों ने बताया कि उन्हें लंबे समय तक परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार करना पड़ा. वहीं, परीक्षा हॉल के अंदर भी अच्छी व्यवस्था नहीं देखने को मिली. कई जगहों पर पानी की व्यवस्था और पंखों को लेकर भी शिकायत की गई है. जिसके बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराज़गी बढ़ गई.
तनावपूर्ण हो गया माहौल
वहीं, कुछ जगहों पर ऐसी अफवाह फैली कि परीक्षा रद्द कर दी गई है. जिसके बाद कई परीक्षा केंद्रों के बाहर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. वहीं, अभिभावकों ने प्रबंधन पर सवाल उठाए.
NTA ने जारी किया बयान
NTA ने एक बयान जारी करते हुए लिखा, मेसर्स टीसीएस ने सूचित किया है कि उनकी ओर से तकनीकी खराबी के कारण 30.05.2026 को कुछ केंद्रों पर सीयूईटी (यूजी) 2026 परीक्षा का प्रारंभ विलंबित हुआ. समस्या का समाधान हो चुका है और परीक्षा पूर्ण समय सीमा के साथ आयोजित की जा रही है ताकि किसी भी छात्र को असुविधा न हो.
दोपहर के सत्र का समय (संशोधित):
• रिपोर्टिंग/प्रवेश: दोपहर 2:30 बजे से
• परीक्षा प्रारंभ: शाम 4:00 बजे (पहले 3:00 बजे था)
असुविधा के लिए खेद है
परीक्षा संचालन संस्था ने लिखा, सुबह के सत्र के छात्रों को परीक्षा की पूरी अवधि दी जा रही है और वे परीक्षा पूरी करने के बाद ही बाहर निकल सकते हैं. एनटीए छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करता है.

