Accident: ट्रक में फंसी बाइक की हैंडिल, थम गई मासूम के जीवन की रफ्तार

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

शाहजहांपुरः यूपी के शाहजहांपुर से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है. सोमवार को यहां निगोही में संकरी सड़क पर ट्रक में हैंडल फंस जाने से अनियंत्रित हुई बाइक से मासूम बच्चा सड़क पर गिर गया. ट्रक का पहिया सिर से गुजर जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी. मासूम की मौत से माता-पिता बेसुख हो गए.

नामकरण कार्यक्रम में बच्चे के साथ जा रहे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव खनंका निवासी संजीव सक्सेना अपनी पत्नी सोनी उर्फ चांदनी और 6 वर्षीय बेटे वंश के साथ बाइक से निगोही के मोहल्ला गांधीनगर स्थित अपनी ससुराल गए थे. ससुराल में कुछ देर रुकने के बाद संजीव पत्नी और बच्चे के साथ दोपहर करीब 12 बजे शाहजहांपुर के मोहल्ला चौक में स्थित साली के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे.

आंखों के सामने बेटे की मौत देख चीख-पुकार करने लगे माता-पिता
इसी दरान बीसलपुर रोड पर गांव पतराजपुर स्थित ईंट भट्ठे के सामने सड़क पर एक ओर ईंट के ढेर लगे होने से संकरी सड़क पर निगोही की ओर से धान से भरा ओवरलोड ट्रक आ रहा था. संजीव सक्सेना ने बाइक निकालने का प्रयास किया तो बाइक का हैंडल ट्रक में फंस गया. इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और बीच में बैठा वंश छिटककर सड़क पर गिर गया. उसके सिर से ट्रक का पहिया गुजर गया. गंभीर रूप से घायल होने से वंश की मौके पर ही मौत हो गई. आंखों के सामने बच्चे की मौत होने से माता-पिता चीख-पुकार करने लगे. जानकारी होने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए.

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया. भीड़ ने ट्रक का पीछा किया. इस पर चालक और हेल्पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए. आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से भीड़ को शांत किया और ट्रक को थाने पहुंचाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. उसकी तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Latest News

19 हजार गोलियां, लोडेड पिस्टल और बिहार में खतरनाक साजिश! UP से आ रही कारतूसों की बड़ी खेप पकड़ी, 3 तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में अवैध हथियार और कारतूसों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. भोजपुर...

More Articles Like This

Exit mobile version