Agra Accident: आगरा से सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां शनिवार की सुबह थाना डौकी क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हाई स्पीड बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई. इस दुर्घटना में जहां तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से पांच लोग कार में सवार होकर बलिया जा रहे थे. शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर 15.400 पर हाई स्पीड कार डिवाइटर से टकराकर कई बार पल गई. कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई जा रही है.
पीछे की सीट पर बैठे तीन लोग कार से बाहर निकलकर करीब 30 फीट गहरी खाई में नीचे पत्थरों पर गिर गए. गंभीर रूप से घायल होने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में चालक और आगे की सीट पर बैठा एक अन्य युवक घायल हो गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की जानकारी मिलते ही डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. हादसे का शिकार सभी पांचों लोग दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत कुमार शर्मा ने बताया
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी. पीछे की सीट पर बैठे तीन लोग कार से निकलकर पत्थरों पर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। दो लोग घायल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.

