Greece Explosion: ग्रीस की राजधानी एथेंस से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक पर्यटक क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया. एथेंस के ऐतिहासिक इलाके में एक दो मंजिला रिहायशी इमारत जोरदार धमाके के बाद ताश के पत्तों की बिखर गई. इस हादसे में चार अमेरिकी नागरिकों सहित छह लोगों की मौत हो गई है. मेयर और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस घटना की मुख्य वजह गैस इंफ्रास्ट्रक्चर में खराबी या गैस रिसाव लग रही है.
ग्रीक फायर ब्रिगेड के प्रवक्ता वासिलिस वाथ्राकोगियानिस ने बताया
एक टीवी ब्रीफिंग में ग्रीक फायर ब्रिगेड के प्रवक्ता वासिलिस वाथ्राकोगियानिस ने बताया कि भारी उपकरणों, रेस्क्यू डॉग्स, कैमरों और सेंसर की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया. मलबे को हटाने के बाद बचाव टीमों ने 6 लोगों के शव बरामद किए.
मालूम हो कि यह इमारत एथेंस के प्रसिद्ध पर्यटक क्षेत्र ‘प्लाका’ में स्थित थी, जो एक्रोपोलिस और ज्यूस के मंदिर जैसे मशहूर पर्यटन स्थलों के बेहद करीब है. धमाका इतना जबरदस्त था कि इमारत मलबे, मुड़े हुए लोहे, टूटी टाइलों और कंक्रीट में तब्दील हो गई. इसकी जद में आने से आसपास के घरों, दुकानों और खड़ी कारों को भारी नुकसान पहुंचा और धमाके का मलबा और कांच के टुकड़े तीन-तीन ब्लॉक दूर तक जा गिरे.
हादसे में मारे गए लोगों में 4 अमेरिकी पर्यटक
अधिकारियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले चार लोग अमेरिकी पर्यटक थे, जो दो अलग-अलग कपल्स के रूप में आए थे. ये दोनों अमेरिकी जोड़े शुक्रवार को दोपहर 3 बजे एथेंस एयरपोर्ट से अपनी फ्लाइट पकड़ने वाले थे, लेकिन जब वे एयरपोर्ट नहीं पहुंचे और तय समय पर संपर्क नहीं हुआ, तो पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की. इसके अलावा, एक बुजुर्ग जोड़ा भी इसी इमारत के दूसरे अपार्टमेंट में रहता था.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एथेंस में तैनात अमेरिकी राजदूत किम्बर्ली गुइफॉयल ने दुख जताते हुए लिखा कि एथेंस में हुए इस विस्फोट में चार अमेरिकी नागरिकों की मौत की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है.
घटना की जांच में जुटी एजेंसियां
घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट को भी मौके पर तैनात किया गया है, ताकि धमाके के असली कारणों का पता लगाया जा सके. गौरतलब है कि आसपास के लोगों ने पहले भी गैस की दुर्गंध आने की शिकायत की थी, जिसके आधार पर पुलिस यह मानकर चल रही है कि यह हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ है.