Mexico Fireworks Accident: मेक्सिको से बड़ी खबर सामने आई है. यहां राज्य के एक कस्बे में एक धार्मिक उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया. आतिशबाजी में इस्तेमाल की गई सामग्री में विस्फोट होने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 64 अन्य घायल हो गए. यह जानकारी मेक्सिको के अधिकारियों ने दी.
यह विस्फोट शनिवार की रात मध्य मेक्सिको के तेमास्कालसिंगो में ‘नुएस्त्रा सेनोरा दे ला लूज’ गिरजाघर के पास हुआ. इस नगरपालिका की आबादी करीब 66,000 है. सैकड़ों लोग धार्मिक उत्सव में आतिशबाजी देखने के लिए एकत्र हुए थे. इसी दौरान यह विस्फोट हो गया. तेमास्कालसिंगो, मेक्सिको सिटी से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है.
विस्फोट की वजहों का अभी पता नहीं चल पाया है और मेक्सिको राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एक स्थानीय बिशप ने बताया कि घायलों में दो पादरी भी शामिल हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विस्फोट के बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसमें दर्जनों लोग धुएं और मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश करते नजर आ रहे हैं.