Muzaffarpur Gas Pipeline Burst: बिहार से बड़ी खबर सामने आई है. यहां मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के लिए सड़क की खोदाई के दौरान अचानक जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन फट गई और तेज गति से पीएनजी गैस निकलने लगी. इस हादसे में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं चार घायल हो गए.
नाला निर्माण के खुदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही की है. बताया जा रहा है कि आज दोपहर में नाला निर्माण के लिए खोदाई के दौरान मशीन से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद पाइपलाइन से तेजी से पीएनजी गैस का रिसाव होने लगा.

गैस फैलने से लगी आग
गैस फैलने के कुछ ही देर बाद आग भड़क उठी. आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. धमाका इतना जबरदस्त था कि चार मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त और कई घरों के कांच टूट गए.
मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए. अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच रही है. एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया है. इलाके में स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. फायरकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं.

