सहारनपुर में हादसाः शाकंभरी देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं को कैंटर ने मारी टक्कर, चार की मौत, कई घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Saharanpur Accident: यूपी के सहारनपुर से दुखद खबर सामने आई है. शनिवार की सुबह शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए लौट रहे श्रद्धालुओं को देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर बर्तनों से भरे कैंटर ने टक्कर मार दी. इस हादसे में जहां चार लोगों की मौत हो गई, वहीं एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के करीब 19 लोग 7 अक्टूबर को ट्रैक्टर-ट्राली से शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे. शनिवार सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे थे. इसी दौरान देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर पीछे से आए तेज रफ्तार बर्तनों से भरे कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी.

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दुर्घटना में कुशावली गांव निवासी 40 वर्षीय रमेश (40 वर्ष), सागर (34), 23 वर्षीय अमन और सतेंद्र की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ियों, बाइकों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया.

अस्पताल पहुंचे डीएम और एसएसपी

जिलाधिकारी अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सहारनपुर के जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जानते हुए उनके बेहतर इलाज के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए.

सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया

सीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है. कैंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

More Articles Like This

Exit mobile version