सीतापुर में हादसाः हाईटेंशन लाइन से सटा कांवड़ियों का वाहन, दो की मौत, तीन झुलसे

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Accident In Sitapur: यूपी के सीतापुर से दुखद खबर सामने आई है. यहां कांवड़ियों का वाहन हाईटेंशन लाइन की जद में आ गया. इस हादसे में जहां दो कांवड़ियों की मौत हो गई, वहीं तीन गंभीर रूप से झुलस गए और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. यह हादसा सोमवार को तड़के थानगांव थाना क्षेत्र में हुआ.

डीजे वाहन सटा हाईटेंशन तार से

मिली जानकारी के मुताबिक, थानगांव इलाके के पासीनपुरवा निवासी संतोष और छेद्पुरवा निवासी गुड्डू अपने अन्य साथियों के साथ रेउसा स्थित चहलारी घाट से गंगाजल लेने के लिए निकले थे. वे डीजे वाहन पर सवार होकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. इसी दौरान गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित पुल के पास पहुंचने पर डीजे वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की जद में आ गया, जिससे वाहन में करंट उतर गया.

संतोष और गुड्डू की मौके पर हुई मौत

घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई. करंट का झटका इतना तेज था कि संतोष और गुड्डू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, तीन कांवड़िए गंभीर रूप से झुलस गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगों की मदद से तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया

सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि “हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रेउसा भेजा गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना की जांच जारी है.”

Latest News

तुर्की के इस्तांबुल एयरपोर्ट पर 737 यात्रियों से भरा ईरानी विमान जब्त, अचानक हुई कार्रवाई से मचा हड़कंप

New Delhi: तुर्की के इस्तांबुल एयरपोर्ट पर ईरान जाने के लिए तैयार खड़े एक पैसेंजर विमान को कोर्ट के...

More Articles Like This

Exit mobile version