Gujarat News: गुजरात के अमरेली जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. आर्थिक तंगी से परेशान 40 वर्षीय किशोर धनक ने कथित तौर पर अपनी पांच साल की बेटी हिमांशी की हत्या कर दी और उसके शव को रेफ्रिजरेटर में रख दिया. इसके बाद उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शुक्रवार को घटना की जानकारी दी.
खुद को लगाई फांसी
राजुला की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नयना गोरडिया के मुताबिक, धनक निर्माण स्थल पर सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था. बुधवार को वह अपनी बेटी के साथ घर पर था. पुलिस के अनुसार, धनक ने कथित तौर पर बच्ची का मुंह हाथ से दबाकर उसकी हत्या की और शव को रेफ्रिजरेटर में रख दिया. इसके बाद उसने खुद फांसी लगा ली. पुलिस को घटनास्थल से तीन सुसाइड नोट मिले हैं. प्राथमिकी के मुताबिक, एक नोट में धनक ने अपनी आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया था. उसने लिखा था कि उसने पर्सनल लोन लिया था और उस रकम को निर्माण कार्य में लगाया था. उसे कथित तौर पर 7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन कारोबारी मित्रों ने उसे पैसे नहीं दिए. आर्थिक संकट के बीच उसे कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था और इसी वजह से उसने अपनी बेटी के साथ आत्महत्या करने की बात लिखी.
एक अन्य नोट में उसने माफी मांगी Gujarat News
दूसरे नोट में धनक ने कथित तौर पर बच्ची की हत्या करने की वजह बताई. उसने लिखा कि वह नहीं चाहता था कि उसकी मौत के बाद बेटी को किसी तरह की तकलीफ का सामना करना पड़े. एक अन्य नोट में उसने माफी मांगी और बताया कि बच्ची का शव रेफ्रिजरेटर में रखा गया है. मामले की जानकारी तब सामने आई जब धनक की पत्नी मंजू बेन 14 सितंबर को अपने मायके गई थीं. उन्होंने धनक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन का जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने बुधवार शाम अपने भाई को धनक का हाल जानने के लिए घर भेजा. काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद मंजू बेन घर लौटीं और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुईं. वहां उन्होंने धनक का शव फंदे से लटका हुआ देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
कमरे को गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया गया था
पुलिस निरीक्षक पी.एल. चौधरी ने बताया कि घटनास्थल पर कुछ असामान्य चीजें भी देखने को मिलीं। कमरे को गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया गया था. पुलिस के मुताबिक, धनक ने बच्ची को सफेद कपड़े पहनाए थे और उसके सिर पर दुपट्टा रखा था. रेफ्रिजरेटर में तकिये भी रखे गए थे. पुलिस ने बताया कि बच्ची के होंठों पर तुलसी के पत्ते रखे गए थे. कमरे में मूर्तियों की पूजा किए जाने के भी संकेत मिले। इसके अलावा कमरे और रेफ्रिजरेटर में चॉकलेट रखी हुई थीं. पुलिस निरीक्षक चौधरी के अनुसार, बच्ची का जन्मदिन नहीं था, लेकिन रेफ्रिजरेटर पर एक कागज चिपका मिला, जिस पर ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’ लिखा था.

