Atlanta Flood: जॉर्जिया के अटलांटा में अचानक बाढ़ आने से हाईवे पर कई गाड़ियां फंस गई. जॉर्जिया के अटलांटा, ड्रुइड हिल्स और एमोरी में राष्ट्रीय मौसम सेवा द्वारा अचानक आई बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है. बुधवार को जारी की गई इस एडवाइजरी में कहा गया था कि बाढ़ की यह चेतावनी रात 11:15 बजे तक प्रभावी रहेगी.
इस बीच सोशल मीडिया पर बाढ़ के कई डराने वाले वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पानी का स्तर बढ़ने के कारण कई गाड़ियां बीच सड़क पर फंसी हुई दिखाई दे रही हैं. बुधवार दोपहर को हुई मूसलाधार बारिश के बाद अटलांटा के डाउनटाउन कनेक्टर पर हालात बेहद खराब हो गए. बेकर स्ट्रीट के पास हाईवे पर पूरी तरह से पानी भर गया, जिससे रश-अवर के ट्रैफिक पर पूरी तरह से ब्रेक लग गया.
भारी बारिश और कचरे की वजह से जाम हुए स्टॉर्म ड्रेन्स के कारण कई गाड़िया पानी में डूब गईं. फॉक्स 5 अटलांटा की रिपोर्ट के अनुसार, राहत और बचाव दलों ने बेकर स्ट्रीट ओवरपास पर कड़ी मशक्कत के बाद डाउनटाउन कनेक्टर के सभी नॉर्थबाउंड लेनों को दोबारा खोल दिया है.
इस आपदा के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के रख-रखाव पर भी तीखे सवाल उठाए है. एक नागरिक ने नाराजगी जताते हुए लिखा कि इतने दिनों से धूप खिली थी और बारिश नहीं हो रही थी. परिवहन विभाग ने हाईवे के नालों को साफ करने और यह सुनिश्चित नहीं किया कि वे खुले रहें.
प्रशासन ने जारी किया गाइडलाइंस
स्थिति को देखते हुए अटलांटा प्रशासन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि प्रशासन भारी बारिश और बदलते मौसम के कारण शहर के कुछ हिस्सों में हो रहे जलभराव से पूरी तरह अवगत है. शहर की टीमें सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी कर रही हैं. प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिक्रिया दे रही हैं और सड़क के खतरों, जल निकासी की चिंताओं तथा सार्वजनिक सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विभागों के बीच समन्वय कर रही हैं.
हम क्षेत्र में यातायात की स्थिति और सड़कों पर पड़ने वाले प्रभावों की निगरानी के लिए जॉर्जिया परिवहन विभाग के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा करने से पहले 511 पर कॉल कर रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट देख लें.
इस घटना की निगरानी शहर के नए इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से भी की जा रही है, जो एजेंसियों को संसाधनों का समन्वय करने, वास्तविक समय में स्थितियों की निगरानी करने और त्वरित प्रतिक्रिया प्रयासों का समर्थन करने की अनुमति देता है.
बयान में आगे कहा कि निवासी समस्याओं की रिपोर्ट करने के लिए 511 पर कॉल करे. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 911 पर कॉल करें. लोगों से अनुरोध है कि वे भरे हुए पानी के बीच गाड़ी चलाने से बचें, सावधानी बरतें और गैर-आपातकालीन समस्याओं की रिपोर्ट ATL311 के माध्यम से करें.

