Bangladesh: बांग्लादेश में आज (12 फरवरी) को होने वाले आम चुनाव से ठीक एक दिन पहले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय में दहशत व्याप्त हो गया. 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला में एक चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार की लाश मिली.
डेली स्टार के अनुसार, पुलिस ने बताया कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे. यह घटना चुनावी हिंसा और अल्पसंख्यकों पर हमलों की बढ़ती आशंका को और गहरा कर रही है.
रतन के शरीर पर थे चोट के गहरे निशान
बताया गया है कि स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे चंपारा चाय बागान में रतन की लाश देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी. लाश खून से लथपथ थी और शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान थे. कमलगंज पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अब्दुल अवाल ने पुष्टि की कि मृतक रतन साहूकार था, जो इसी बागान में काम करता था और इस्लामपुर यूनियन से जुड़ा हुआ था.
परिवार वाले रतन को पिछले रात से ढूंढ रहे थे. उसके बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया, “रात भर हम उसे तलाशते रहे. सुबह हमें खबर मिली कि बागान में उसकी लाश पड़ी है. हम वहां पहुंचे और उसकी पहचान किए. हमें नहीं पता कि उसे क्यों मारा गया.” इस घटना से परिवार सदमे में है और इस हत्या का कोई कारण समझ नहीं पा रहा.
घटना की जांच में जुटी हैं पुलिस
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि रतन की हत्या कहीं और की गई होगी और बाद में लाश को बागान में फेंक दिया गया. कुछ लोग इस घटना को चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है. पुलिस घटना की जांच में जुटी हैं.

