Begusarai Bomb Blast: बिहार से सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां बेगूसराय में दरभंगा सोना लूटकांड की जांच के दौरान धमाका हो गया. नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में चल रहे सर्च अभियान के बीच अचानक बम विस्फोट होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में एसटीएफ के जवान सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए.
खुदाई के दौरान अचानक हुआ विस्फोट
बताया गया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दरभंगा लूटकांड से जुड़ा सोना वृंदावन इलाके में छिपाकर रखा गया है. इसी इनपुट के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रही थी. संदिग्ध स्थान पर खुदाई की जा रही थी, इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया.
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों में अफरा-तफरी मच गई. विस्फोट के बाद तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. नावकोठी के संदीप कुमार के घर के पास बम दबा हुआ था. इस घटना में एसटीएफ के जवान सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हैं. दो को गंभीर चोट होने की वजह से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है.
घटना की जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसिया
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने मौके पर कैंप कर दिया है और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है. जांच एजेंसिया बम विस्फोट के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हैं.