बिहारः शराब तस्करों की बेखौफी, पीछा कर रही उत्पाद टीम पर की फायरिंग, सिपाही की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bihar Crime: बिहार से शराब तस्करों की बेखौफी की खबर सामने आई है. यहां नालंदा जिले में बुधवार की देर रात शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने उत्पाद विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी. यह वारदात पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप हुई. गोली लगने से उत्पाद विभाग के सिपाही की मौत हो गई. घटना की पुष्टि उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने की है. उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं.

शराब लदी पिकअप का पीछा करने के दौरान फायरिंग

उत्पाद अधीक्षक के मुताबिक, पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप नालंदा जिले में लाई जा रही है.

सूचना के अनुसार, वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रहा था. इसके बाद पटना से आई ईआईबी की टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की.

वाहन के घेरने के दौरान तस्करों ने की फायरिंग

टीम पिकअप को रोकने और घेरने के लिए पीछा कर रही थी. इसी बीच पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप अचानक फायरिंग शुरु हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शराब तस्करों के लिए रेकी कर रहे लाइनर ने टीम पर गोली चलाई, जो उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

फायरिंग में सिपाही की मौत

गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और कथित लाइनर पिकअप वाहन सहित फरार हो गए. घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर पावापुरी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में की जा रही थी. घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम 

शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सिपाही की मौत से पुलिस और उत्पाद विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है. मृतक सिपाही का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है.

More Articles Like This

Exit mobile version