Havoc caused by rain: देश के कई राज्यों बारिश के नाम पर आसमान से आफत बरस रही है. भारी बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन ने भीषण तबाही मचाई है. वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी (2 अगस्त) को यूपी, बिहार सहित 12 राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है. उधर, केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक आठ लोगों की जान जा चुकी हैं, जबकि आठ अन्य लापता हैं. वर्षाजनित हादसों में 13 लोग घायल भी हुए हैं.
यहां भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से राजस्थान, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. केरल में रविवार को मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार, पोरिंगलकुथु बांधों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट है.
केरल में बारिश ने मचाई तबाही
केरल में शनिवार को हुई भारी बारिश के चलते आठ लोगों की जान चली गई. भारी बारिश की वजह से राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है. बारिश के कारण 27 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है. राज्यभर में बनाए गए 209 राहत शिविरों में 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
दिल्ली में हल्की वर्षा की संभावना
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है.
कर्नाटक में भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
रविवार को तड़के कर्नाटक में शिवमोगा जिले के इंदिरा नगर में बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक झोपड़ी दब जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेनी (28) और उनके मासूम बेटे संतोष के रूप में हुई, जो कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारू गांव के निवासी थे.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, परिवार सो रहा था, जब सुबह करीब 2.30 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा शेड पर गिर गया. सूत्रों ने बताया कि पास के एक शेड में रहने वाला एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.