Chittorgarh Factory Blast: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र स्थित रीको औद्योगिक इलाके में मेहरून इंडस्ट्री की केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ. विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास का इलाका दहल गया. धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, वहीं केमिकल की तेज गंध से आसपास रहने वाले लोग परेशान हो उठे.
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नगर अध्यक्ष राज विजयवर्गीय और विकास बारेगामा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया. वहीं विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने तुरंत जिला कलेक्टर को घटना से अवगत कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, डीवाईएसपी हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
चित्तौड़गढ़ से अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. केमिकल के असर को देखते हुए आसपास के लोगों और कर्मचारियों को सतर्क रहने व आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है. घटना के बाद पूरे कपासन क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है.
कलेक्टर का बयान और जांच जारी
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में धमाके की सूचना मिलते ही उच्च स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. धमाके के कारणों की जांच की जा रही है. साथ ही आसपास संचालित अन्य फैक्ट्रियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़े: Georgia Plane Landing: अमेरिका में सड़क पर हुई प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, कई गाड़ियों से टकराया

