Darjeeling Car Accident: पश्चिम बंगाल में दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. बीते दिनों दुर्घटना की वजह से लापता हुई कार की तलाश पर रविवार को भारी दर्द के बीच विराम लगा. सिक्किम और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव तीस्ता नदी में डूबी टाटा नेक्सॉन कार से बरामद कर लिए गए.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान स्मारिका न्यौपाने (28 वर्ष), सैब्या न्यौपाने (27), जीका दहल (27) और पांच वर्षीय मासूम दित्या छेत्री के रूप में हुई है. बताया गया है कि यह परिवार पूर्वी सिक्किम के काबी लुंगचोक (लिंगडोक) का रहने वाला था और 5 जून को अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदारों से मिलने सिलीगुड़ी जा रहा था.
5 जून की शाम परिवार से अखिरी बार हुआ था संपर्क
5 जून की शाम राम्बी इलाके के पास परिवार से आखिरी बार संपर्क हुआ था, जिसके बाद वे लापता हो गए थे. 6 जून को शिकायत दर्ज होने के बाद NDRF, SDRF, पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय बचाव दलों ने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्टा और समाजसेवी विक्रम राय के सहयोग से तलाशी अभियान शुरू किया. बाघपुल के पास भूस्खलन प्रभावित हिस्से से कार की बैटरी और बंपर मिलने के बाद तीस्ता नदी में खोजबीन शुरु की गई.
कार के अंदर से चारों शवों को बाहर निकाला गया.
शनिवार शाम भारी बारिश और तेज बहाव के बीच डूबी हुई कार का पता चला. रात के अंधेरे और खराब मौसम की वजह से रेस्क्यू रोकना पड़ा, लेकिन रविवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया. इस दौरान कार के अंदर से चारों शवों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस
इस घटना से पूरा सिक्किम स्तब्ध है, क्योंकि हादसे का शिकार हुए तीनों वयस्क सरकारी कर्मचारी थे. स्मारिका एसटीएनएम अस्पताल में नर्सिंग लेक्चरर थीं, सैब्या संस्कृति विभाग में जूनियर इंजीनियर और जीका बागवानी विभाग में कार्यरत थीं. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्घटना की जांच में जुटी हैं.

