Spain Crime: दक्षिणी स्पेन से दहशत फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां इस्ला क्रिस्टीना (Isla Cristina) में कथित ड्रग गैंगवार के दौरान तीन लोगों की हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी गैंग के बीच चल रही कथित दुश्मनी में एक संदिग्ध गैंग लीडर की 62 वर्षीय सास, उसकी 39 वर्षीय गर्भवती बहन और एक 16 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमले में गैंग लीडर का 18 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना रविवार रात इस्ला क्रिस्टीना (Isla Cristina) के एल रोसियो (El Rocio) इलाके में हुई. यह दक्षिणी स्पेन का एक तटीय शहर है और पुर्तगाल की सीमा से करीब 7.5 किलोमीटर दूर स्थित है.
गार्डिया सिविल (Guardia Civil) पुलिस के अनुसार, हमलावर ने लंबी बैरल वाली बंदूक का इस्तेमाल किया. गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि दो अन्य घायल हुए. इनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है. मारे गए किशोर का इस परिवार से कोई संबंध नहीं था. पुलिस ने दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान या उम्र की जानकारी नहीं दी है. पुलिस इस वारदात को ड्रग तस्करी से जुड़े प्रतिद्वंद्वी गैंग के बीच बदले की कार्रवाई के तौर पर जांच रही है.
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, तथाकथित Baba Clan की दुश्मनी Moriña Clan जैसे दूसरे परिवारों से रही है. दोनों पक्षों के बीच तनाव 2024 में हुई एक घातक गोलीबारी के बाद और बढ़ गया था. इसके कुछ हफ्तों बाद ‘El Baba’ को उत्तरी स्पेन से गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल मुकदमे से पहले हिरासत में है. इस तिहरे हत्याकांड में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है.

