Gaza: गाजा पर इजरायल ने फिर किया बड़ा हवाई हमला, 33 फिलिस्तीनियों की मौत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Gaza: इज़रायल के गाज़ा पट्टी में ताज़ा हवाई हमलों में कम से कम 33 फिलस्तीनियों की मौत हो गई है. रविवार को अस्पताल अधिकारियों ने यह जानकारी दी. इज़रायली सेना के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में उसने संघर्षग्रस्त गाज़ा क्षेत्र में 130 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया. यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है, जब इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू युद्धविराम की संभावनाओं पर चर्चा के लिए अमेरिका रवाना होने वाले हैं, जहां वे व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ वार्ता करेंगे.

हमास को ट्रंप ने दिया है युद्ध विराम का प्रस्ताव

ट्रंप ने गाज़ा में संघर्ष विराम के लिए एक प्रारंभिक योजना पेश की है, जिसमें 60 दिनों के युद्धविराम का प्रस्ताव है. इसके तहत मानवीय सहायता बढ़ाने के बदले हमास द्वारा बंदी बनाए गए कुछ लोगों की रिहाई की बात कही गई है. इस योजना का उद्देश्य 21 महीने से जारी युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने की दिशा में वार्ता की शुरुआत करना है. गाज़ा शहर के प्रमुख चिकित्सा केंद्र शिफा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सेलमिया के मुताबिक, इज़राइली हमलों में गाज़ा शहर के दो आवासीय भवनों को निशाना बनाया गया, जिसमें 20 लोग मारे गए और 25 अन्य घायल हुए.

वहीं, दक्षिणी गाज़ा के खान यूनिस क्षेत्र में स्थित नासिर अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि मुवासी नामक क्षेत्र में इज़राइली बमबारी में 13 फलस्तीनियों की मौत हुई. मुवासी वह क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में विस्थापित लोग तंबुओं में रह रहे हैं.

इज़राइली सेना ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हमास के कमांड और नियंत्रण केंद्रों, हथियार भंडारण स्थलों और सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया. सेना के अनुसार, उत्तरी गाज़ा में कई आतंकवादियों को मार गिराया गया. हालांकि, नागरिक हताहतों की संख्या को लेकर सेना ने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है. स्थिति गंभीर बनी हुई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब वाशिंगटन में संभावित युद्धविराम वार्ता पर टिकी हैं.

Latest News

Asian Games: फाइनल में पहुंचने का सपना टूटा, सेमीफाइनल में हारी जोशना-सेंथिलकुमार की जोड़ी, ब्रॉन्ज मेडल से ही वापसी

New Delhi: एशियन गेम्स 2026 में भारत की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने स्क्वैश में...

More Articles Like This

Exit mobile version