Two Trucks Collide Fire: गुरुवार की सुबह कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर रामगढ़ताल क्षेत्र के अजवनिया गांव के पास डंपर और ट्रक टक्कर हो गई. टक्कर के दोनों वाहनों में आग लग गई. इस दुर्घटना में डंपर चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और खलासी कूदकर अपनी जान बचाई. घंटों के प्रयास के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
जानकारी के मुताबिक, मक्का लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था. इसी दौरान अजवनिया गांव के पास डस्ट लदा डंपर रॉग साइड से सामने आ गया. इससे तेज रफ्तार में दोनों वाहनों आमन-सामने टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने डंपर को भी अपनी जद में ले लिया. आग पूरी तरह से फैलने की वजह से डंपर चालक और क्लीनर बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जलकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं, ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वाहन से कूदकर बाहर निकल आए. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने एम्बुलेंस से घायल डंपर चालक और खलासी को अस्पताल भेजा. दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मृतकों की पहचान में जुटी हैं.

