भावनगरः गुजरात से बड़ी खबर सामने आई है. यहां भावनगर जिले के घोघा तालुका के खरकड़ी गांव में नकली शराब (लट्ठाकांड) पीने की आशंका से हड़कंप मच गया है. दो दिन पहले शराब पार्टी करने के बाद संदिग्ध नकली शराब के सेवन से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके अन्य 6 दोस्तों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.
शराब पार्टी के बाद बिगड़ी थी दोस्तों की तबीयत
मिली जानकारी के मुताबिक, खरकड़ी गांव के सात दोस्तों ने 16 अगस्त की रात को मिलकर शराब पार्टी का आयोजन किया था. कथित तौर पर डुप्लीकेट शराब पीने के तुरंत बाद सभी की तबीयत अचानक खराब होने लगी, जिसमें उपेन्द्र सिंह गोहिल नाम के युवक की सबसे पहले मौत हुई. एसपी नितेश पांडेय के मुताबिक, बाकी बचे 6 लोगों को तत्काल सर टी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान 24 वर्षीय विश्वराजसिंह गोहिल और घनश्यामसिंह जडेजा की हालत भी बेहद गंभीर बताई जा रही थी. इलाज के दौरान दो और दोस्तों की मौत के बाद प्रशासन ने कुल तीन मौतों की पुष्टि की है.
इस रूप में हुई मृतकों की पहचान
पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान भावनगर के तळाजा रोड निवासी कार्तिक अश्विनभाई (40 वर्ष) मकवाना, घोघा तालुका के खरकड़ी गांव के 25 वर्षीय उपेंद्र सिंह गोहिल और मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले नरेंद्रसिंह यादव के रूप में हुई है.
मृतक उपेंद्र सिंह के भाई नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि शराब में जहर (पॉइजन) होने की पूरी आशंका है. उन्होंने बताया कि शराब पीने के बाद उनके भाई और दोस्तों को लगातार उल्टियां होने लगी थीं और उनकी स्थिति नाजुक हो गई थी. मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए शवों का फोरेंसिक पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही असली सच्चाई सामने आएगी.
इस घटना के सामने आते ही पुलिस प्रशासन तत्काल एक्शन मोड में आ गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकली ‘रॉयल स्टैग’ शराब बेचने वाले चार बुटलेगरों को हिरासत में ले लिया है.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इस रैकेट के मुख्य सप्लायर सहित खुदरा बिक्री करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क को बैकट्रैक कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि इस नकली शराब की खेप वरतेज पुलिस स्टेशन क्षेत्र और शहर के कुछ अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर बेची गई थी.
प्रशासन की चेतावनी: न करें नकली शराब का सेवन
भावनगर पुलिस एफएसएल टीम के संपर्क में है और शराब के सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि चूंकि डुप्लीकेट शराब का जत्था बाजार में बड़े पैमाने पर बेचा गया है, इसलिए कोई भी इसका सेवन न करे. अगर किसी ने ऐसी शराब का सेवन किया है और उसकी तबीयत थोड़ी भी खराब होती है, तो बिना कोई जोखिम उठाए तत्काल नजदीकी अस्पताल में जाकर डाक्टर से संपर्क करें.

