Hamirpur: तालाब में डूबने से भाई-बहन सहित तीन बच्चों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Hamirpur: यूपी के हमीरपुर से दुखद खबर सामने आई है. यहां तालाब में डूबकर सगे भाई-बहन सहित तीन मासूमों की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से जहां परिवार में कोहराम मच गया. वहीं गांववासी शोक में डूब गए. यह दुर्घटना बिवांर थाना क्षेत्र के छानी खुर्द गांव में गुरुवार को हुई.

मां संग तालाब पर गए थे बच्चे

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पार्वती पत्नी रमेश धोबी गुरुवार को अपने बच्चों शिवेंद्र (10 वर्ष), रुद्रांश (8) और मांडवी (5 वर्ष) के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर कपड़े धोने गई थीं. बताया गया कि पार्वती तालाब किनारे कपड़े धो रही थीं, जबकि तीनों बच्चे नहाने के लिए पानी में उतर गए.इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए.

ग्रामीणों ने खोजबीन कर बच्चों को बाहर निकाला
काफी देर तक बच्चों के नजर न आने पर पार्वती के होश उड़ गए. जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन कर तीनों बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी बुजुर्ग ले गए. वहां चेकअप के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया

मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि छानी खुर्द गांव में मां के साथ तालाब पर गए दो पुत्र और एक पुत्री नहाते समय पानी में डूब गए. ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही परिवार के दो बेटों और एक बेटी की मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. वहीं गांव के लोग शोक में डूब गए. दुर्घटना के लिए ग्रामीण ऊपर वाले की दुहाई दे रहे हैं.

More Articles Like This

Exit mobile version