पुंछ में बाढ़ और भूस्खलन का कहरः सुरनकोट में अब तक 11 लोगों की मौत, कई घायल

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Heavy rain in Poonch: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले भारी बारिश की कहर बरपा है. यहां आफत की बारिश हुई है. शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से कई इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं. अलग-अलग हादसों में अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी हैं, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. वहीं कम से कम चार लोग घायल हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं.

सुरनकोट तहसील सबसे ज्यादा प्रभावित

बारिश का सबसे ज्यादा असर जिले की सुरनकोट तहसील में देखने को मिला है. यहां कई घर भूस्खलन की जद में आ गए. प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं.

लोअर मड़ा गांव में भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया. इस दुर्घटना में मकान मालिक मोहम्मद लतीफ और उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य लापता हो गए. राहत एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से आठ शव बरामद किए गए हैं.

संगलेयानी गांव में मकान गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. वहीं मरहोट गांव में इरम नाम की नाबालिग लड़की तेज बहाव वाले नाले में बह गई और उसकी मौत हो गई. धुंधक लठूंग पुल के पास एक नाले से एक अज्ञात महिला का शव मिला है. पुंछ के नूनाबांडी गांव में भी भारी बारिश की वजह से एक मकान गिर गया, जिसमें 28 वर्षीय नाजिया कौसर की जान चली गई. उनके पति मोहम्मद हफीज और दो से छह वर्ष उम्र के तीन बच्चों को घायल अवस्था में बचाया गया. सभी घायलों को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया है.

मड़ा गांव में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

सुरनकोट तहसील के मड़ा गांव में क्षतिग्रस्त मकान से शवों को निकालने का काम जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, मलबे से आठ शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि गांव में अभी भी छह लोगों के लापता होने की सूचना है.

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में बचाव दल तैनात कर दिए हैं. फंसे हुए लोगों को निकालने, मलबा हटाने और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है.

डीसी और एसएसपी ने बचाव कार्य का जायजा लिया

पुंछ के उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत हुसैन ने घटनास्थलों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधितों का आवश्य दिशा-निर्देश दिए.

प्रशासन, पुलिस और सेना की संयुक्त टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रही हैं. अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है.

सैकड़ों वाहन लापता

लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से राजोरी जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है और लोगों में चिंता बढ़ गई है. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें. भारी बारिश से करीब 200 से 250 वाहन लापता हो गए हैं.

प्रशासन ने लोगों से की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें.

Latest News

सिर्फ सजावट ही नहीं, सेहत का भी ख्याल रखता है स्नेक प्लांट, घर के वातावरण को भी बनाए बेहतर

Snake plant: आजकल लोग अपने घरों और आफिसो को हरा-भरा और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के इनडोर...

More Articles Like This