Aden Missile Attack: हूती लड़ाकों ने राजधानी अदन स्थित राष्ट्रपति के महल और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैलेस्टिक मिसाइलों से हमले किए. यह जानकारी यमन में सऊदी अरब समर्थित सरकार ने दी. सरकार ने शुक्रवार को इन हमलों में हुए जान-माल के नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दी है.
इस बीच सऊदी अरब ने दावा किया है कि शुक्रवार को उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने हूती लड़ाकों के छोड़े हमलावर ड्रोन को मक्का क्षेत्र में गिराया है, जबकि हूती की ओर एक्स पर कहा गया है कि सऊदी का दावा झूठा है. उसने मक्का पर हमले के लिए कोई ड्रोन नहीं छोड़ा है.
हूती ने कहा कि शुक्रवार को संगठन ने सऊदी अरब क्षेत्र में ही कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की है. मालूम हो कि मक्का इस्लाम धर्म के अनुयायियों का सबसे ज्यादा पवित्र शहर है. यहां प्रतिवर्ष लाखों लोग हज करने के लिए जाते हैं.
इससे पहले भी सऊदी अरब ने कई बार मक्का और मदीना पर हूती के हवाई हमलों को विफल करने का दावा किया, लेकिन हर बार हूती ने हमले की कोशिश का खंडन किया है.
एअर इंडिया ने 14 नवंबर तक स्थगित की सेवाएं
प्रेट्र के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाओं को अब 14 नवंबर तक स्थगित रखने का फैसला किया है. हूती के हमलों से पहले दोनों कंपनियों की नियमित यात्री विमान सेवाएं रियाद, जेद्दा और दम्मम के लिए थीं.

