Murder in Punjab: पंजाब से सनसीखेज वारदात सामने आई है. यहां आज सुबह मानसा जिले में मेडिकल स्टोरों से नशा बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. गोली एक मेडिकल स्टोर मालिक ने ही चलाई. जिस समय परविंदर झोटा को गोली मारी गई, वह सोशल मीडिया पर लाइव थे और पूरी घटना उनके लाइव वीडियो में कैद हो गई.
बहस के दौरान मेडिकल स्टोर मालिक ने चलाई गोलियां
यह सनसनीखेज वारदात सुबह करीब 9:00 बजे की है. बताया गया है कि परविंदर झोटा शहर के रेलवे फाटक के नजदीक एक मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी के पास पहुंचे थे और नशा बेचने का आरोप लगाते हुए उससे बहस कर रहे थे. बहस इतनी बढ़ गई कि मेडिकल स्टोर मालिक ने गुस्से में अपनी पिस्तौल निकाल ली. पिस्तौल देखकर परविंदर झोटा और अधिक उग्र हो गए और उन्होंने संचालक को गोली मारने की चुनौती दे दी. इसके बाद गुस्साए मेडिकल स्टोर मालिक ने परविंदर पर गोलियां चला दीं.
परविंदर सिंह को लगी तीन गोलियां
गोली लगने के बाद परविंदर जान बचाने के लिए सड़क की तरफ भागे और साथ ही दुकान में जा गिरे. वहां मौजूद आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें एक गाड़ी में लादा और अस्पताल पहुंचाया. यहां इलाज के दौरान परविंदर ने दम तोड़ दिया. परविंदर सिंह को तीन गोलियां लगी थी. दो गोली पेट और एक टांग पर लगी, जिससे उसकी मौत हुई. इस घटना में एक अन्य दुकान के संचालक हैप्पी, कुलविंदर सिंह, बलदेव सिंह और गोविंद सिंह छर्रे लगे हैं और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है.

सामाजिक संगठनों का अस्पताल में प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. डीएसपी हरजिंदर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी. उधर, घटना से गुस्साए परविंदर के माता-पिता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग सिविल अस्पताल पहुंचे.
सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द इंसाफ की मांग की. इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.
एसएसपी अस्पताल में पहुंचे अस्पताल
घटना के बाद एसएसपी वैभव चौधरी मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचे. वहां परविंदर झोटा के समर्थकों की काफी समय बहस हुई. परविंदर झोटा के समर्थकों ने शहर बंद करने की घोषणा कर दी है. वहीं, एसएसपी मानसा ने साफ किया है कि अभी केमिस्ट शॉप मालिक अश्विनी कुमार फरार है. उसकी तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

