Muzaffarpur Death Case: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह गांव में 19 वर्षीय गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव कमरे में मिला और गले पर निशान पाए जाने के बाद मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग कथित तौर पर घर से गायब हैं. बेटी की मौत से नाराज मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने गुंजा के पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
गुंजा कुमारी मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur Death Case) जिले के कांटी की रहने वाली थी. वह रंजीत पासवान की बेटी थी और 23 जनवरी को उसकी शादी रजवाड़ा डीह निवासी कुंदन कुमार से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, दोनों ने प्रेम विवाह किया था. लेकिन उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही गुंजा को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा. गुंजा की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने आरोप लगाया कि परिवार धनतेरस के मौके पर बेटी को दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहा था. इसी बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
फरार हुए ससुराल वाले Muzaffarpur Death Case
परिवार के मुताबिक, उन्हें रात करीब 12 बजे स्थानीय वार्ड सदस्य के जरिए गुंजा की मौत की जानकारी मिली. मायके पक्ष का आरोप है कि जब वे ससुराल पहुंचे, तब शव को चुपचाप वहां से हटाने की तैयारी की जा रही थी. परिजनों के पहुंचने के बाद ससुराल के लोग मौके से चले गए. बेटी की मौत और घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों के कथित तौर पर गायब होने से मायके वालों में आक्रोश फैल गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजनों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे के सामने ही गुंजा का अंतिम संस्कार कर दिया. इस घटना से गांव में तनाव और चर्चा का माहौल बन गया.
पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
गुंजा के पिता रंजीत पासवान की लिखित शिकायत के आधार पर मुशहरी थाना पुलिस ने उसके पति कुंदन कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में चंदन पासवान, प्रियंका और सुलेखा के नाम भी शामिल हैं. मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. मुशहरी थाना के अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार के साथ पहुंची टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. गुंजा के गले पर मिले निशानों के कारण मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताया जा रहा है. हालांकि, केवल इन निशानों के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि उसकी हत्या हुई या उसने आत्महत्या की. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे सामने आने के बाद ही मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी. फिलहाल जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है.
ये भी पढ़ें- मुंबई पुलिस ने भेजा नोटिसः आमिर खान के भांजे इमरान को 28 अक्टूबर तक छोड़ना होगा भारत

