Himanshu Bhau: भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल हिमांशु भाऊ उर्फ भाऊ रिटोलिया को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर है. हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला हिमांशु लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों के निशाने पर था. अगस्त 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था, जिसके जरिए सदस्य देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से उसकी तलाश और गिरफ्तारी में सहयोग मांगा गया था.
Himanshu Bhau पर हैं गंभीर आरोप
हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं. उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में मामले दर्ज बताए जाते हैं. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली-हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में भी उसका नाम शामिल था.
हरियाणा पुलिस ने रखा था 2.5 लाख रुपये का इनाम
हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए हरियाणा पुलिस ने 2.5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. वहीं, दिल्ली पुलिस ने भी उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने पर 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी. अलग-अलग एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं. जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, हिमांशु भाऊ विदेश में रहते हुए दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय अपने गिरोह का संचालन करता था. उसके खिलाफ दर्ज मामलों और इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के चलते भारतीय एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं.

