Israel destroyed the Qassamiya Bridge: इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान में लिटानी नदी पर स्थित कासमिया (कासमिया) पुल पर हवाई हमला किया. यह अटैक रविवार को पुल के आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को पहले से चेतावनी दिए जाने के कुछ घंटों बाद किया गया. यह पुल लेबनान के दक्षिणी हिस्से को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है.
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी (एनएनए) के मुताबिक, पुल पर तीन अलग-अलग हमलों से व्यापक क्षति पहुंची है, जिसके कारण पुल अब पूरी तरह इस्तेमाल के अयोग्य हो गया है. एजेंसी ने बताया कि चौथा हमला भी हुआ, जिससे पुल के आसपास बिजली के नेटवर्क, दुकानें, बाग और पार्कों को भी गंभीर क्षति पहुंची है.
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने कहा…
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लिटानी नदी के पुलों को निशाना बनाना लेबनान की संप्रभुता का घोर उल्लंघन है. उन्होंने चेतावनी दी कि ये हमले स्थिति को और खतरनाक बनाने वाले हैं तथा जमीनी हमले की प्रस्तावना माने जा सकते हैं.
राष्ट्रपति आउन ने कहा कि लिटानी नदी पर पुलों को नष्ट करना दक्षिणी इलाके और देश के बाकी हिस्सों के बीच भौगोलिक संपर्क को तोड़ने की कोशिश है. इससे नागरिकों की आवाजाही बाधित हो रही है, मानवीय सहायता पहुंचने में रुकावट आ रही है और यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है.
लिटानी नदी पर पुलों को नष्ट करने का आदेश
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने रविवार को कहा कि आईडीएफ को लिटानी नदी पर हिजबुल्ला द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सभी पुलों को तुरंत नष्ट करने का आदेश दिया गया है. साथ ही सीमा के निकट घरों को गिराने की कार्रवाई में भी तेजी लाई जाएगी.
काट्ज ने बयान में कहा, “प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मैंने आईडीएफ को निर्देश दिया है कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले लिटानी नदी के सभी पुलों को तत्काल नष्ट किया जाए. इससे हिजबुल्ला के आतंकवादियों और हथियारों को दक्षिण की ओर बढ़ने से रोका जा सकेगा.”
जमीनी अभियान बढ़ाने की चेतावनी
रविवार को इजरायली सेना ने घोषणा की कि वह लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ अपने जमीनी अभियान का विस्तार कर रही है. सेना ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लंबा चल सकता है.
लेफ्टिनेंट जनरल अयाल जमीर ने कहा कि हिजबुल्ला के खिलाफ यह अभियान अभी शुरू ही हुआ है और यह काफी लंबा चलेगा. हम अब सुनियोजित योजना के तहत लक्षित जमीनी अभियानों और हमलों को आगे बढ़ा रहे हैं. सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने बताया कि जमीनी अभियान के विस्तार की प्रक्रिया आने वाले सप्ताह में शुरू हो जाएगी.

