इटलीः चोरों को पसंद आई सबसे फेमस व महंगी वाइन, दो ट्रकों में भर ले गए 30 हजार बोतलें, करोड़ों में है कीमत

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Wine theft in Italy: इटली से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां टस्कनी क्षेत्र में मशहूर वाइन कंपनी मार्केसे एंटिनोरी के गोदाम में चोरी का बड़ा मामला सामने आया है. चोर करीब 30 हजार बोतल प्रीमियम रेड वाइन चुराकर ले गए. चोरी हुए माल की कीमत लगभग 50 लाख यूरो यानी करीब 55 करोड़ रुपये आंकी गई है. कंपनी के एक प्रतिनिधि ने इसे इटली के इतिहास की सबसे बड़ी वाइन चोरी बताया है.

रॉयटर्स और एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, चोरी पिछले सप्ताहांत कॉर्टोना स्थित कंपनी के गोदाम में हुई. सोमवार सुबह एक कर्मचारी के गोदाम पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ. निगरानी कैमरों की तस्वीरों में सात नकाबपोश चोर दिखाई दिए. बताया गया कि उन्होंने सबसे पहले सुरक्षा अलार्म बंद किया और फिर वाइन की पेटियां दो ट्रकों में लादकर फरार हो गए.

चोर ले गए वाइन की ये तीन ब्रांड

यह कंपनी का सबसे बड़ा गोदाम था. यहां से दुनिया के अलग-अलग देशों में भेजने के लिए वाइन की बोतलें पैक कर रखी गई थीं. माल रवाना होने से पहले ही चोर उसे लेकर निकल गए. चोरों ने कंपनी के तीन प्रमुख ब्रांड की वाइन चुराई. इनमें टिग्नानेलो (Tignanello), सोलाया (Solaia), आदो अल तासो (Guado al Tasso) शामिल हैं.  रिपोर्ट के अनुसार, इन बोतलों की कीमत लगभग 120 से 130 यूरो प्रति बोतल बताई गई है. अकेले सोलाया ब्रांड की ही करीब 8,000 से 10,000 बोतलें चोरी होने की जानकारी सामने आई है. इन वाइन को महंगे और प्रीमियम उत्पादों में गिना जाता है. इनकी मांग अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी है, जिससे चोरी हुए माल को बेचने की कोशिश जांचकर्ताओं के लिए एक अहम पहलू बन सकती है.

कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को किया सतर्क

वर्ष 1385 से मार्केसे एंटिनोरी का इतिहास जुड़ा है. कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को सतर्क करते हुए कहा है कि वे अनधिकृत स्थानों से वाइन न खरीदें. इस चेतावनी का उद्देश्य चोरी की बोतलों की संभावित बिक्री पर नजर रखना और ग्राहकों को संदिग्ध माल खरीदने से बचाना है.

More Articles Like This

Exit mobile version