झारखंड: नक्सली अभियान के दौरान जंगल में मिले दो शक्तिशाली विस्फोटक, सुरक्षाबलों ने किया निष्क्रिय

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Jharkhand Crime: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहरूदा गांव के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए दो शक्तिशाली केन बम बरामद किए गए हैं. सुरक्षा बलों ने सतर्कता बरतते हुए दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. संभावित बड़ी घटना टल गई.

मिली जानकारी के मुताबिक, 193वीं बटालियन सीआरपीएफ और छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम एरिया डोमिनेशन अभियान चला रही थी. इसी दौरान कोयना नदी के किनारे पगडंडी पर जवानों को जमीन में छिपाकर रखे गए दो केन बम मिले. विस्फोटकों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी और बम निरोधक दस्ते की मदद से दोनों बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. इसकी पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने की है.

इस बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिस स्थान से दोनों केन बम मिले हैं, वह कुछ महीने पहले हुए बड़े नक्सल विरोधी अभियान के मुठभेड़ स्थल से महज डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है. उस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा और 50 लाख रुपये के इनामी अनमोल दा सहित कुल 17 नक्सली मारे गए थे.

More Articles Like This

Exit mobile version