Karnataka Plane Crash: कर्नाटक से प्लेन हादसे की खबर सामने आई है. रविवार को यहां विजयपुरा जिले में रेड बर्ड प्राइवेट जेट क्रैश हो गया. यह हादसा मैंगलोर गांव के करीब हुआ. इस दुर्घटना में पायलट और ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल ले जाया गया.
विमान में मौजूद दो लोग घायल
जानकारी के अनुसार, विजयपुरा जिले के बालेश्वर तालुका के मैंगलौर गांव के करीब रविवार दोपहर एक जेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. शुरुआती जांच में सामने आया कि कालबुर्गी के करीब विमान हवा में संतुलन खो बैठा. पायलट ने विमान को काफी नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन मैंगलोर के करीब एक खेत में विमान हादसे का शिकार हो गया. विमान में मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है.
खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान
विजयपुरा के मैंगलोर गांव के करीब खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान जांच शुरू हो चुकी है. अभी तक कि जांच में सामने आया कि ईंधन की कमी की वजह से हादसा हुआ. हालांकि, अभी तक किसी पुलिस अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. रेड बर्ड एविएशन की ओर से किसी तरह का बयान सामने नहीं आया है. हादसे में घायल लोगों की पहचान पायलट और ट्रेनी पायलट के रूप में हुई है.
फ्लाइट ट्रेनिंग में उपयोग होता है विमान
रेडबर्ड एविएशन (Redbird Aviation) भारत में मौजूद प्रमुख फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी है. ये फ्लाइट ट्रेनिंग देता है. अकादमी बारामती, बेलगावी और सियोनी में अपने बेस से पायलट प्रशिक्षण देती है.

