लुधियाना: कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, खाली कराए गए स्कूल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bomb Threat To Ludhiana Schools: लुधियाना से सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां मंगलवार की सुबह महानगर के 10 स्कूलों में  उस समय हड़कंप मच गया, जब उन्हें बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला. सुबह करीब सात बजे स्कूल प्रबंधन को भेजे गए इस मेल में स्कूल परिसरों में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी. फिर क्या था, तत्काल स्कूलों को खाली करा दिया गया.

बम की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और जिला प्रशासन को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया.

सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसरों को तत्काल खाली करा लिया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया. पुलिस ने स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों को भी घेराबंदी कर सील कर दिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल के हर कोने की बारीकी से जांच की ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री का पता लगाया जा सके. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे.

पुलिस अधिकारियों के माताबिक, धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी गई है. साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ई-मेल किस सर्वर या आईडी से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल, किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है.

More Articles Like This

Exit mobile version