स्पेन में भीषण हादसाः मैड्रिड के दक्षिण में दो ट्रेनों की टक्कर, 30 लोगों की मौत की खबर

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Train Accident In Spain: स्पेन से भीषण हादसे की खबर सामने आई है. यहां मैड्रिड के दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन पर दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हो गई. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, रेल ऑपरेटर एडिफ ने बुधवार को यह जानकारी दी. इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत की खबर है.

क्या कहा रेल ऑपरेटर एडिफ ने?

एडिफ ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट किए गए एक संदेश में कहा, मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की पीछे से टक्कर के बाद रेल यातायात रोक दिया गया है.

कास्तिया ला मांचा क्षेत्र के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि सुबह नौ बजे (स्थानीय समयानुसार) के कुछ ही देर बाद रेनफे और इर्यो की ट्रेनें टकरा गईं. इस टक्कर के कारण इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. उन्होंने कहा कि हादसे का कारण और घायलों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है. प्रांतीय सरकार के एक सूत्र ने बताया कि इस टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है.

क्या दिखा हादसे की तस्वीरों में?

कास्तिया ला मांचा के क्षेत्रीय टेलीविजन चैनल की ओर से दिखाए गए वीडियो में एक ट्रेन पटरी से उतरी नजर आई. उसका कम से कम एक डिब्बा ऊंचे रेल ट्रैक पर था. ट्रैक के नीचे ढलान पर मुड़ी हुई धातु, टूटे पैनल और मलबा बिखरा हुआ दिखाई दिया. रेल ऑपरेटर एडिफ ने बताया कि यह हादसा मैड्रिड से सेविले जाने वाली रेल लाइन पर हुआ.

पास के उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान ने कैडेना एसईआर को बताया कि आपातकालीन सेवाओं ने नगर परिषद से जरूरी सुविधाएं तैयार करने को कहा है. इनमें एक खेल हॉल भी शामिल है. यहां यात्रियों और घायलों को ठहराने की व्यवस्था की जाएगी.

यह हादसा उसी रेल लाइन पर नौ महीने पहले हुए एक अन्य हादसे के बाद हुआ है. उस हादसे में इसी रेल ऑपरेटर की हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं. इस हादसे में 46 लोगों की मौत हुई थी.

जनवरी में हुए उस हादसे में एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी. इसके बाद वह सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी. यह हादसा कोर्डोबा प्रांत के आदामुज के पास हुआ था. इस घटना के बाद हाल के वर्षों में रेलवे के रख-रखाव पर किए गए निवेश के स्तर को लेकर बहस शुरू हो गई थी.

Latest News

कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट ने 10,000 करोड़ रुपए की योजना को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग प्रमोशन स्कीम (CMPS) को मंजूरी दे दी है....

More Articles Like This

Exit mobile version