FBI Most Wanted Nitish Kaushal: अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े भारतीय गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी Most Wanted List में शामिल कर लिया है. मालूम हो कि नीतीश कौशल पर अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य होने का आरोप है.
हत्या और ड्रग तस्करी का आरोपी है गैंगस्टर
FBI के मुताबिक, गैंगस्टर नीतीश कौशल सिंडिकेट हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी वारदातों में शामिल रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, जग्गू भगवानपुरिया गैंग के ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप की शुरुआत पंजाब से हुई और इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया सहित कई देशों तक फैला हुआ है.
आरोप है कि नीतीश कौशल ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अपहरण, हमला और अन्य हिंसक घटनाओँ को अंजाम दिया है. 25 जून 2026 को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. उस पर रैकेटीयर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइजेशन्स कॉन्स्पिरेसी (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations Conspiracy) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत गैंगस्टर्स पर एक्शन
इससे पहले FBI के Operation Hard Ball के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ बड़े पैमाने पर रेड और कार्रवाई की गई थी. अमेरिकी एजेंसियां अब जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही हैं.
क्या है ऑपरेशन हार्ड बॉल?
गौरतलब है कि FBI ने इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे अपने अभियान को ‘Operation Hard ball’ नाम दिया है. इसके तहत FBI और उसके एजेंट्स ने अमेरिका, कनाडा और यूरोप में करीब 50 से ज्यादा जगहों पर रेड की. इस दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान सीज किया गया. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ड्रग भी बरामद की गई. ऑपरेशन हार्ड बॉल में लारेंस बिश्नोई गैंग, गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क को FBI टारगेट कर रही है.
इससे पहले, अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी ने अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया और जग्गू भगवानपुरिया सहित उसके कई साथियों पर गंभीर आरोप लगाए. चार्जशीट में ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार, रंगदारी और हत्या की साजिश के आरोप का भी जिक्र है.