Gold Mine Collapse: सेंट्रल अफ़्रीकन रिपब्लिक में बड़ा हादसा हो गया. पश्चिमी हिस्से में सोने की एक खदान अचानक ढह गई. इस हदासे में कम से कम 30 खनिकों की जहां मौत हो गई, वहीं कई अन्य लोग फंस गए. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. खदान में फंसे हुए खनिकों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
इस हादसे में बाल-बाल बचे एक खनिक फ्लोरियन गागुएंडे के मुताबिक, नाना-मामबेरे प्रीफेक्चर के अब्बा इलाके में यह हादसा हुआ. उसने बताया कि यह एक पारंपरिक खदान थी और तकनीकों का कम इस्तेमाल किया जाता था. उन्होंने बताया कि बचावकर्मी फंसे हुए अन्य खनिकों की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उनके जीवित मिलने की संभावना कम होती जा रही है.
खदान से निकाले गए 30 शव, अन्य की तलाश जारी
वहीं, इलाके के डिप्टी मेयर, सुलेमान बी ने कहा कि बचावकर्मी और स्थानीय लोग कई घंटों की मशक्कत के बाद ढही हुई खदान से 30 शव निकालने में सफल हुए. घायल खनिकों का इलाज पास के अस्पताल में किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, “यह भयानक है और हम स्वयंसेवी संगठनों और आम लोगों से भी मदद की अपील कर रहे हैं, ताकि उन लोगों को गड्ढे से बाहर निकाला जा सके जो खुद बाहर नहीं आ पा रहे हैं.”
सरकारी प्रवक्ता एवरिस्ट नगामाना ने हादसे के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रभावित लोगों को राहत और सहायता प्रदान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.
घटनास्थल पर अफरा-तफरी
वहीं, घटनास्थल का जो फुटेज सामने आया है, उसमें अफरा-तफरी के बीच बचाव कार्य होते दिख रहे हैं. कीचड़ से सने ज़्यादातर युवा और महिला खनिक गड्ढे से एक शव निकालते हुए दिख रहे हैं, जबकि दर्जनों अन्य खनिक और मज़दूर विशाल साइट पर इधर-उधर बिखरे हुए हैं और कुछ लोग मदद के लिए चिल्ला रहे हैं.

