नोएडा: वेतन बढ़ाने को लेकर श्रमिकों के प्रदर्शन करने का आज पांचवां दिन है. मंगलवार को पुलिस ने जगह-जगह सुरक्षा कड़ी कर दी है. फिर भी प्रदर्शन की छुटपुट घटनाओं की सूचना आ रही है. किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद दिख रही है. फिर भी अराजक तत्वों ने सेक्टर 121 और नोएडा फेस-2 में कुछ हिंसक घटनाओं को अंजाम दिया है. घटना होने के साथ ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए क्षेत्र को लोगों से खाली करवा दिया है.

सेक्टर 121 में पथराव, धर-पकड़ शुरू
इस बीच सेक्टर 121 में पथराव कर शांत माहौल को खराब करने वालों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है. गलियों में उतरकर पुलिस ने ऐसे उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया है. इसके साथ ही गलियों में सन्नाटा पसर गया है.
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सैलरी वृद्धि की मांग को लेकर कल हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद आज नोएडा के फेज-2 में प्रदर्शनकारियों ने फिर से इकट्ठा होकर पत्थरबाजी की. पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ा. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी हुए एकजुट
नोएडा में वेतनवृद्धि को लेकर हो रही जद्दोजहद के बीच सेक्टर-74 की केपटाउन सोसायटी के सामने कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला. यहां पर सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मियों ने मिलकर सड़क पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. इस बीच उन्होंने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया. उनका कहना था कि 12 घंटे की नौकरी में मिल रहे वेतन से वे घर नहीं चला पा रहे हैं.
सैक्टर 63 में कंपनी ने लगाई बंदी की सूचना
सेक्टर 63 स्थित डी ब्लाक में औद्योगिक ईकाई पर कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद मंगलवार को प्रबंधन ने मुख्य गेट पर दो दिन छुट्टी का नोटिस चस्पा कर दिया है. जब रोज की तरह कर्मचारी कम्पनी में पहुंचे तो उन्हें छुट्टी का पता चला. फिलहाल, कम्पनी के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती हैं.

यहां कड़ी सुरक्षा
मंगलवार को नोएडा फेज दो स्थित मदरसन के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है. कम्पनी प्रबंधन ने भी सुरक्षा की मांग की थी. सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शन में इस कंपनी के कर्मचारियों ने भी काफी उपद्रव मचाया था.

डीजीजी ने शांति बनाए रखने की अपील की
उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नोएडा में तोड़फोड़, हिंसक झड़प, आगजनी की घटना होने पर लोगों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर नोएडा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी श्रमिक, औद्योगिक प्रबंधन व अन्य संबंधित पक्षों से बात कर समन्वय स्थापित कर रहे हैं. पुलिस का प्रयास है कि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो और दैनिक जीवन सामान्य रहे. शासन का निर्देश है कि श्रमिकों की बात को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना जाए.
#WATCH | Uttar Pradesh: After a violent protest yesterday over demands for a salary increment, protestors have gathered and pelted stones in Phase 2 of Noida today.
Police deployment has been made here to bring the situation under control. Protestors are being dispersed from… pic.twitter.com/sxEoBAnpdv
— ANI (@ANI) April 14, 2026

