North Korea Ballistic Missile: सियोल और प्योंगयांग के बीच बढ़ती दुश्मनी के बीच जापान और दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालयों ने बताया कि गुरुवार को उत्तर कोरिया से एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई.
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरियाई मंत्रालय ने बताया कि उसके पूर्वी तट से एक अज्ञात वस्तु (प्रोजेक्टाइल) दागी गई है. मंत्रालय ने इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी, जैसे कि किस तरह का हथियार दागा गया था. बाद में एएफपी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि लगभग 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं. हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.
क्या कहा जापान ने?
एक्स पर एक पोस्ट में मंत्रालय ने कहा, “उत्तर कोरिया से एक ऐसी वस्तु दागी गई है जो बैलिस्टिक मिसाइल हो सकती है. जैसे ही और जानकारी मिलेगी, JMOD/JSDF की ओर से अपडेट दिया जाएगा.” एक अन्य पोस्ट में मंत्रालय ने आगे कहा, “ऐसा अनुमान है कि वह वस्तु पहले ही गिर चुकी है.”
जवाब में उठाए जा रहे क्या कदम?
प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के एक अनंतिम अनुवाद के मुताबिक, बैलिस्टिक मिसाइल छोड़े जाने के संदेह के जवाब में कार्यालय ने कई कदम उठाने की रूप-रेखा बताई है. इनमें जानकारी जुटाना और उसका विश्लेषण करना, विमानों, जहाजों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति के लिए पहले से ऐहतियाती उपाय करना शामिल है.