Pakistan Police Attack: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हांगू जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में 9 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई. 15 आतंकी भी मारे गए. इस हमले में 28 जवान घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, ये कार्रवाई बुधवार को हांगू में एक पुलिस चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले के बाद शुरू की गई थी.
हांगू में पुलिस चेकपोस्ट पर हुए हमले के बाद मदद के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए, लेकिन आतंकियों ने मदद के लिए जा रही गाड़ी पर भी गोलीबारी कर दी. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जवाबी ऑपरेशन के दौरान हुई भीषण गोलीबारी में 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 28 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. वहीं, 15 आतंकी भी मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं.
सीएम सुहैल अफरीदी ने की हमले की निंदा
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने इस हमले की निंदा की. उन्होंने मृतक पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और शोक जताया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल जवानों का इलाज में लापरवाही न बरती जाए और मृतक पुलिस अधिकारियों के परिवारों को मदद दी जाए. उन्होंने घटना की पूरी रिपोर्ट भी मांगी है.
मालूम हो कि खैबर पख्तूनख्वा में पिछले कुछ वर्षों में लगातार हिंसा हो रही है. इसकी वजह अफगानिस्तान से लड़ाकों की आवाजाही और बार-बार होने वाले सैन्य ऑपरेशन बताए जाते हैं. पाकिस्तान सरकार का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने नवंबर 2022 में सीजफायर खत्म होने के बाद अफगानिस्तान से लगी सीमा पर आतंकी हमला बढ़ा दिए हैं.
क्या है TTP
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान एक आतंकी संगठन है. इसे पाकिस्तानी तालिबान भी कहा जाता है. दिसंबर 2007 में इसकी स्थापना बैतुल्लाह महसूद के नेतृत्व में जुटे चरमपंथी गुटों के एकजुट होने पर हुई थी. यह आतंकी संगठन पाकिस्तानी सुरक्षा बलों, पुलिस और नागरिकों पर अनगिनत आत्मघाती बम विस्फोट और सैन्य ठिकानों पर हमलों को अंजाम दे चुका है. इस संगठन का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान सरकार को उखाड़ फेंकना और देश में कट्टरपंथी शरिया-आधारित इस्लामी शासन व्यवस्था लागू करना है.

