Pakistan Crime: पाकिस्तान से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां सोमवार को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में अज्ञात बंदूकधारियों ने यातायात पुलिस के एक वाहन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और दो नागरिक घायल हो गए.
यह जानकारी पुलिस ने दी. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दक्षिण वजीरिस्तान से सटे टैंक जिले के वजीराबाद इलाके में मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस वाहन पर घात लगाकर हमला किया.
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की और फरार हो गए. इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि पास में खड़े दो नागरिक घायल हो गए.
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिसकर्मियों के शव और घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया. अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच करते हुए हमलावरों की तलाश की जा रही है.

