Azam Khan: सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. प्रयागराज शहर के दरियाबाद मोहल्ले में पार्क की जमीन और उससे सटी 20 फीट चौड़ी सड़क पर कब्जा का मामला 20 वर्षों बाद फिर से चर्चा में आ गया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के सचिव विनीत कुमार सिंह और डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य की एक विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित की है.
वर्ष 2006 का है मामला
बताया गया है कि यह मामला वर्ष 2006 का है, जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और आजम खान नगर विकास मंत्री थे. तीन दिन की सार्वजनिक छुट्टी 14, 15 और 18 अगस्त को थी, उसी दौरान माफिया अतीक अहमद के करीबियों ने पार्क की जमीन पर कब्जा करना शुरू किया था.
स्थानीय निवासियों ने इसका विरोध किया और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आजम खान ने अधिकारियों को कार्रवाई करने से रोक दिया था.
हाल ही में मुख्यमंत्री के पास पहुंचा था मामला
हाल ही में यह मामला मुख्यमंत्री के पास पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया. डीएम के निर्देश पर पीडीए सचिव ने जांच शुरू कर दी है. इस प्रकरण में सदर तहसील और नगर निगम से राजस्व अभिलेख मांगे गए हैं.
जमीन पर तीन दिनों में किया गया था कब्जा
ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही पार्क पर अवैध कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी. लगभग चार करोड़ रुपये कीमत की इस भूमि पर तीन दिनों में कब्जा किया गया था. बताते हैं कि जिन लोगों ने जमीन पर कब्जा किया है, वे आजम खान के करीबी हैं. आजम खान जब भी प्रयागराज आते थे तो इनके घर अवश्य जाते थे. मालूम हो कि आजम खान इन दिनों विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं.
महापौर के साथ स्थानीय लोग गए थे सीएम के पास
मामले में स्थानीय लोग महापौर गणेश केशरवानी के साथ पिछले दिनों मुख्यमंत्री के पास गए थे. लोगों ने शिकायत की थी कि पार्क में बच्चे खेलते थे और बुजुर्ग टहलते थे. मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि पार्क की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए.
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया
प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में की गई शिकायत को लेकर शासन से आए पत्र के क्रम में विशेष जांच दल का गठन किया गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.