Us Venezuela Flight: करीब 7 साल के लंबे अंतराल के बाद अमेरिका और वेनेजुएला के बीच सीधी हवाई सेवा फिर शुरू होने जा रही है. गुरुवार को अमेरिका से उड़ान भरने वाली पहली कमर्शियल फ्लाइट वेनेजुएला की राजधानी काराकास में उतरेगी. मालूम हो कि 2019 में सुरक्षा कारणों से उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी. अब दोनों देशों के बीच रिश्तों में आई नरमी और कूटनीतिक बहाली के बाद यह कदम उठाया गया है. इससे दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ने और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है.
क्यों इतनी अहम है यह फ्लाइट?
करीब सात साल बाद शुरू हो रही यह फ्लाइट दोनों देशों के रिश्तों में बड़े बदलाव का संकेत है. 2019 में सुरक्षा चिंताओं के चलते उड़ानें बंद कर दी गई थीं. अब राजनयिक संबंध बहाल होने के बाद सेवा फिर शुरू हुई है. अमेरिका और वेनेजुएला के बीच सीधे संपर्क का रास्ता खुला है. लोगों को अब तीसरे देशों के जरिए यात्रा नहीं करनी पड़ेगी.
कब और कैसे चलेगी फ्लाइट?
यह फ्लाइट अमेरिकन एयरलाइन्स की सहयोगी कंपनी एन्वॉय एयर चला रही है. फ्लाइट मियामी से सुबह उड़ान भरेगी और करीब तीन घंटे में कराकस पहुंचेगी. उसी दिन वापसी की सेवा भी उपलब्ध होगी. 21 मई से दूसरी दैनिक फ्लाइट शुरू करने की योजना है. इससे यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे.
ट्रंप सरकार का क्या है रोल?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी में वेनेजुएला के लिए हवाई क्षेत्र खोलने का संकेत दिया था. ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नागरिक अब सुरक्षित तरीके से वेनेजुएला जा सकेंगे. अमेरिका ने हाल ही में कराकस में अपना दूतावास भी फिर से खोला है. इससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक रिश्ते मजबूत हुए हैं.
लोगों और व्यापार पर क्या होगा असर?
इस नई शुरुआत से आम लोगों और कारोबार दोनों को फायदा होगा. परिवारों को मिलने का मौका मिलेगा. व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे. पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है. पहले लोग लैटिन अमेरिकी देशों के जरिए यात्रा करते थे, अब सीधी सुविधा मिलेगी.

