Russia-Ukraine Conflict: यूक्रेन का क्रीमिया पर भीषण ड्रोन हमला, रूसी सेना ने गिराए 660 ड्रोन

Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Ved Prakash Sharma
Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Russia-Ukraine Conflict: पिछले चार साल से अधिक समय से जारी रूस और यूक्रेन की जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है. फरवरी 2022 में शुरू हुआ दोनों देशों का संघर्ष अभी भी जारी है. ताजा घटनाक्रम में रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन की तरफ से भीषण हमला किया गया है, जो अब तक की लड़ाई में सबसे बड़े हमलों में एक है. समाचार एजेंसी पीटीआई पर अंतरराष्ट्रीय एजेंसी एपी के हवाले से आई रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने अपनी जमीन और कब्जे वाले क्रीमिया पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है.

रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उनकी वायु सेना ने यूक्रेन के 660 ड्रोनों को मार गिराया है. यह हमला रूस के 12 अलग-अलग इलाकों के साथ-साथ क्रीमिया प्रायद्वीप, काला सागर और आजोव सागर में किया गया है. इस ड्रोन हमले के बाद दोनों देशों का टकराव बढ़ने की आशंका है.

पिछले कई महीनों से यूक्रेन रूस के तेल उत्पादन और ऊर्जा केंद्रों को निशाना बना रहा है. पश्चिमी अधिकारियों और जानकारों का मानना है कि इस रणनीति से रूस की ईंधन सप्लाई और सैन्य रसद में कमी आई है. इससे युद्ध के मैदान में रूस की कोशिशें धीमी पड़ गई हैं और राष्ट्रपति पुतिन पर दबाव बढ़ गया है.

यह बड़ा हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने ’40 दिनों के प्रभाव अभियान’ का आदेश दिया था. ऐसा माना जा रहा है कि इसका मकसद हमलों को तेज कर रूस को युद्ध खत्म करने के लिए मजबूर करना है. जेलेंस्की ने यह कदम तब उठाया, जब पिछले एक साल से अमेरिका की शांति कोशिशों का कोई ठोस नतीजा नहीं निकला.

हमले में हुए नुकसान की बात करें तो मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में एक घर को नुकसान पहुंचा और एक महिला घायल हो गई. तुला के गवर्नर दिमित्री मिल्याएव ने बताया कि नोवोमोस्कोव्स्क शहर में एक बिजली लाइन और एक औद्योगिक केंद्र को नुकसान पहुंचा है. कुछ स्वतंत्र मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वहां एक केमिकल प्लांट और हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट में आग लग गई. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. राजधानी मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि शहर की ओर बढ़ रहे 47 ड्रोनों को मार गिराया गया. वहां किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है.

यूक्रेन पर रूस ने भी हमला किया

दूसरी तरफ रूस ने भी यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र पर हमले किए. खार्किव के क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह सिनीहुबोव ने बताया कि पिछले 24 घंटों में रूसी हमलों में दो नागरिकों की मौत हो गई और सात लोग घायल हुए. रूस ने खार्किव और आसपास के 16 इलाकों पर गाइडेड बमों और ड्रोनों से हमला किया.

Latest News

Ayodhya Ram Mandir Donation Case. राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर बोले आचार्य प्रमोद कृष्णम, ‘सनातन रहेगा तभी सत्ता आएगी…’

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन मामले पर कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सनातन बड़ा है और सत्ता छोटी है. मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए.

More Articles Like This