Firing in Syria: सीरिया से सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है. यहां उत्तर-पश्चिमी सीरिया में बीती देर रात एक छोटी यात्री बस पर हमलावरों की ताबड़तोड़ गोलीबारी की. इस घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. यह जानकारी सरकारी मीडिया ने दी.
सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ के मुताबिक, पश्चिमी सीरिया के होम्स प्रांत में मसयाफ पुल के पास बुधवार की देर रात बस पर गोलीबारी की गई. इस हमले का मकसद तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है और किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है. सीरियाई अधिकारियों ने किसी व्यक्ति या संगठन को हमले का संदिग्ध नहीं बताया है.
काम कर घर लौट रहे थे कंपनी के कर्मचारी
अधिकारियों ने बताया कि मारे गए और घायल हुए लोग एक कंपनी के कर्मचारी थे, जो काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. हमले के बाद बचावकर्मियों ने घायलों और मृतकों को होम्स शहर के आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया. सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी.
होम्स में आंतरिक सुरक्षा बलों के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल बासेम मोहम्मद शाबान ने ‘सना’ से कहा कि हम इस कायरतापूर्ण हमले को होम्स की सुरक्षा को कमजोर करने और पूरे प्रांत में विभिन्न उपायों के जरिए मजबूत की गई सुरक्षा व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश के तौर पर देखते हैं.
सीरियाई अधिकारी 13 साल से अधिक समय तक चले युद्ध और 2024 के अंत में असद वंश के शासन के पतन के बाद देश में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने कई योजनाबद्ध हमलों और सशस्त्र समूहों की गतिविधियों को विफल किया है. इसके बावजूद राजधानी दमिश्क और देश के अन्य हिस्सों में घातक गोलीबारी तथा विस्फोट की घटनाएं होती रही है.

