Accident in Surat: सूरत से दुखद खबर सामने आई है. यहां वराछा इलाके में शुगर मार्केट के पास आज सुबह बड़ा हादसा हो गया. एक ETP प्लांट की टंकी की सफाई करने गए चार मजदूरों की जहरीली गैस की वजह से मौत हो गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह वराछा शुगर मार्केट के पास ETP प्लांट में चार मजदूर टंकी की सफाई करने गए थे. सफाई करते समय टंकी के अंदर मौजूद जहरीली गैस के असर से चारों मजदूर टंकी के अंदर बेहोश हो गए.
टंकी में बेहोश मिले चार मजदूर
लोगों ने सुबह 10:22 बजे फायर डिपार्टमेंट को फोन कर बताया गया कि एक व्यक्ति टंकी में फंसा हुआ है. फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही समय में मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, तो टंकी के अंदर एक नहीं, बल्कि चार लोग बेहोश और गंभीर हालत में मिले. काफी प्रयास के के बाद फायर टीम ने चारों लोगों को बाहर निकाला.
अस्पताल ने चिकित्सक ने चारों को मृत घोषित किया
तत्काल सभी मजदूरों को 108 और फायर टीम की मदद से इलाज के लिए SMIMER अस्पताल ले जाया गया. यहां चेकअप करने के बाद चिकित्सकों ने चारों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. खबर मिलते ही मृत मजदूरों के घर कोहराम मच गया. परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे.
DCP आलोक कुमार ने बताया
घटना के संबंध में DCP आलोक कुमार ने बताया कि सूरत शहर के अश्विनी कुमार इलाके में एक ज्वेलरी फैक्ट्री है, जहां गहनों की सफाई होती है और सेफ्टी टैंक की सफाई हर दो महीने पर की जाती है. आज सुबह एक सुपरवाइजर और तीन मजदूरों सहित कुल चार लोग टंकी में गए थे और पता चला है कि चारों लोगों की मौत हो गई है.
इस बात की जांच की जा रही है कि इसमें किसकी लापरवाही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था. इस मामले में विस्तृत जांच की जाएगी और फिलहाल एक्सीडेंटल डेथ (दुर्घटना से मौत) का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

