थाईलैंडः बच्चे ने तीर्थयात्रियों पर चढ़ाया पिकअप ट्रक, आठ बौद्ध भिक्षुओं की मौत, कई घायल

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Thailand Accident: थाईलैंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है. यहां भीषण सड़क हादसा हुआ है. पूर्वोत्तर थाईलैंड में गुरुवार को एक 11 वर्षीय लड़के ने तीर्थयात्रा पर निकले भिक्षुओं के एक समूह पर पिकअप ट्रक चढ़ा दिया. इस दुर्घटना में कम से कम आठ भिक्षुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं.

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, मुकदाहान के गवर्नर वोरयान बुन्नारत ने बताया कि पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान सांसे थम गई. इसके अलावा 14 अन्य घायल भिक्षुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

आरोपी पुलिस हिरासत में

स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी 11 वर्षीय लड़का उनकी हिरासत में है. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों की अभी जांच की जा रही है.

हालांकि, हादसे में सुरक्षित बचे भिक्षुओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने देखा था कि वाहन ने अपना संतुलन खो दिया था, जिसके बाद वह सड़क से फिसलकर सीधे उनके समूह से आ टकराया.

बताया गया है कि राजधानी बैंकॉक से लगभग 600 किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित मुकदाहान प्रांत के कुल 35 बौद्ध भिक्षु इस तीर्थयात्रा पर निकले हुए थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया.

More Articles Like This

Exit mobile version