Russia Ukraine War: सोमवार को यूक्रेन की ओर से रूस के निजनेकाम्स्क शहर में ड्रोन हमले किए गए. इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 39 अन्य घायल हो गए. यह जानकारी तातारस्तान क्षेत्र के अधिकारियों ने दी.
यूक्रेन ने हाल के महीनों में लगभग रोज ही, लंबी दूरी के ड्रोन के जरिए रूस के तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है. इन हमलों से रूस में ईंधन की कमी की स्थिति पैदा हुई है, तेल शोधन क्षमता प्रभावित हुई है और आम जनता में चिंता बढ़ी है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि यह अभियान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बातचीत की मेज पर आने और चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. तातारस्तान के प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के प्रेस सेवा कार्यालय के मुताबिक, निजनेकाम्स्क शहर में सोमवार सुबह औद्योगिक और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर ”बड़ा” ड्रोन हमला किया गया.
निजनेकाम्स्क यूक्रेन की सीमा से करीब 1,200 किलोमीटर पूर्व में स्थित है और इसकी आबादी लगभग 2.40 लाख है. यह शहर रूस का एक महत्वपूर्ण तेल शोधन केंद्र है, जहां दो तेल रिफाइनरी और एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र स्थित हैं.
जेलेंस्की ने रविवार की देर रात सोशल मीडिया पर कहा, ”हम पूरी तरह से उचित जवाब दे रहे हैं और रूस के हर हमले का जवाब दिया जाएगा. रूस का युद्ध अब अपने ही घर यानी रूस में अधिक से अधिक महसूस किया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”इस युद्ध के अब भी जारी रहने का एकमात्र कारण रूस की इसे समाप्त करने की अनिच्छा है.”

