US Iran Israel Tensions: पश्चिम एशिया में ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स लारा दत्ता भूपति ने दुबई में फंसे होने का अपना डरावना अनुभव साझा किया है. लारा दत्ता अपनी बेटी सायरा के साथ फिलहाल वहीं हैं और उन्होंने एक इमोशनल वीडियो के जरिए वहां के हालातों और अपनी मानसिक स्थिति के बारे में विस्तार से बताया है. इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि ये उनके लिए आसान वक्त नहीं है.
‘ऊपर जेट उड़ रहे हैं, बहुत तेज धमाके हो रहे हैं.’
लारा दत्ता ने 28 फरवरी की उस भयानक घटना को याद किया, जब वह दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं. उन्होंने बताया कि अचानक हुए धमाकों की आवाज सुनकर वे सभी बाहर भागे और आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा. लारा ने कहा, ‘मैं झूठ नहीं बोल सकती… पिछले कुछ दिनों से यह स्ट्रेसफुल रहा है. यह डरावना रहा है. ऊपर जेट उड़ रहे हैं, बहुत तेज धमाके हो रहे हैं.’ उन्होंने बताया कि इन धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक है कि उनके विला की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल रहे हैं. उनके पति महेश भूपति काम के सिलसिले में बाहर हैं, जिससे इस मुश्किल घड़ी में अपनी बेटी को अकेले संभालना उनके लिए और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है.
लारा दत्ता ने UAE सरकार की सुरक्षा व्यवस्था प्रशंसा की
लगातार होते धमाकों और तनाव के बावजूद लारा ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार की सतर्कता और सुरक्षा प्रबंधों पर गहरा भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि हालांकि स्थिति डरावनी लग सकती है, लेकिन उन्हें एक बार भी असुरक्षित महसूस नहीं हुआ. लारा के मुताबिक, ‘UAE सरकार यह पक्का कर रही है कि वे हमारी सुरक्षा के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दें. हमें सच में लगता है कि हमारी देखभाल की जा रही है, चाहे हम किसी भी देश के हों. हमें लगता है कि हमारी गिनती होती है और हम मायने रखते हैं.’ उन्होंने भारत की सुरक्षा व्यवस्था से इसकी तुलना करते हुए कहा कि यहां भी उन्हें अपने देश जैसी ही सुरक्षित अनुभूति हो रही है.