America Shootings: अमेरिका से सनसीखेज खबर सामने आई है. यहां हैलोवीन सप्ताहांत के दौरान देश के करीब छह शहरों में गोलीबारी की घटना हुई. इन घटनाओं में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य लोग घायल हुए है. सबसे अधिक हिंसा डलास में हुई. पुलिस ने बताया कि डलास शहर के ‘डीप एलम’ इलाके में गोलीबारी की कुछ घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। यह इलाका संगीत, रेस्तरां और रात में मनोरंजन के लिए लोकप्रिय है. अर्कांसस के फेयेटविले, अलबामा के बर्मिंघम और डेलावेयर के नेवार्क जैसे शहरों में भी पुलिस ने सप्ताहांत के दौरान गोलीबारी की घटनाओं की जानकारी दी.
डलास के पुलिस प्रमुख डैनियल कोमोक्स ने बताया कि जांचकर्ता अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शनिवार रात करीब सवा घंटे के भीतर हुई गोलीबारी की घटनाएं आपस में जुड़ी हुई थीं या नहीं. कोमोक्स ने बताया कि गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि ये क्यों शुरू हुईं. उन्होंने कहा कि कुछ गिरफ्तारियां की गई हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है या उन पर क्या आरोप लगाए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, एक अलग घटना में शनिवार रात अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में ‘लीजन फील्ड’ के ठीक बाहर वार्षिक ‘मैजिक सिटी क्लासिक’ फुटबॉल मैच के बाद हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए. बर्मिंघम पुलिस विभाग के प्रमुख माइकल पिकेट ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद ज्यादातर दर्शक और परिवार स्टेडियम से जा चुके थे. पुलिस प्रवक्ता डी’रेल फ्रीमैन ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पुलिस मुख्यालय ले जाया गया है. साथ ही पुलिस को ‘कई हथियार’ मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.
डेलावेयर के नेवार्क में डेलावेयर विश्वविद्यालय परिसर के पास हुई गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए. नेवार्क पुलिस के लेफ्टिनेंट ग्रेग डी’एलिया ने रविवार को बताया कि सभी छह घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इलिनॉय के ब्लूमिंगटन में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में 19 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई और एक अन्य महिला की हालत गंभीर है. वहीं, अर्कांसस के फेयेटविले में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.