West Asia Crisis: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच दो और भारतीय गंतव्य वाले एलपीजी जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया है. रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है. एलपीजी जहाज सिमी होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान अपने ट्रांसपोंडर को कुछ समय तक बंद रखने के बाद गुरुवार को ओमान की खाड़ी में देखा गया. अन्य एलपीजी जहाज एनवी सनशाइन ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के दौरान कुछ ऐसा ही किया.
ईरान-अमेरिका के बीच तनाव बरकरार
ऐसे समय पर यह घटना सामने आई है, जब पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका में तनाव बना हुआ है और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है. रिपोर्ट्स के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की रुवैस रिफाइनरी से एलपीजी से लदा एनवी सनशाइन जहाज को आखिरी बार भारत के मंगलौर की ओर जाते हुए देखा गया था. इसी बीच सिमी कतर के रस लाफान बंदरगाह से गुजरात के कांडला तक ईंधन ले रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम ‘लाइफ सपोर्ट’ पर हैं, जिससे संकेत मिलता है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है और कई मुद्दों, जैसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य के कंट्रोल जैसे मुद्दों को लेकर विवाद बना हुआ है. इसके अलावा ट्रंप ने हाल ही में ईरान की ओर से भेजे गए शांति प्रस्ताव को अस्वीकार्य बता दिया था. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने ईरान द्वारा अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रस्तुत प्रतिक्रिया की समीक्षा की है और प्रस्ताव पर असंतोष व्यक्त किया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने ताजा अमेरिकी शांति पहल पर अपनी प्रतिक्रिया पाकिस्तान के माध्यम से दी है, जो तेहरान और वॉशिंगटन के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.

