West Bengal Election 2026: आज (गुरुवार) को पश्चिम बंगाल के लिए एक अहम दिन है, क्योंकि 152 निर्वाचन क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान जारी है. इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. उत्तर में दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी से लेकर दक्षिण में मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम और हुगली तक के जिलों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइन दिखाई दे रही है. पहले चरण में राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है.
दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार पर हुए हमले के मामले में, चुनाव आयोग ने घटना के वीडियो में दिख रहे लोगों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. कुमारगंज में, टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर भाजपा के मतदान प्रतिनिधि को बूथ में प्रवेश करने से रोका. स्थानीय इकाई ने उन्हें खदेड़ दिया है.
मतदान के बीच भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमला हुआ है. कुमारगंज में बीजेपी उम्मीदवार पर हमला करने का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगा है. इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है. तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है.

