Assembly Elections 2026: असम, केरल, पुडुचेरी राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है. तीन राज्यों के चुनाव में इस बार भारी वोटिंग हो रही है. असम, केरलम और पुडुचेरी तीनों ही राज्यों में 2021 की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. चुनाव आयोग ने दोपहर 3 बजे तक के आंकड़े देते हुए बताया कि असम में सबसे अधिक 75.9% मतदान हुआ है, जो 2021 के सभी चरणों के औसत 64.5% से काफी ज्यादा है.
पिछली बार के 66.6% से ज्यादा
वहीं पुडुचेरी में मतदान का स्तर 72.4% तक पहुंच गया है, जो पिछली बार के 66.6% से ज्यादा है. केरलम में भी मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जहां दोपहर 3 बजे तक 62.7% वोटिंग हो चुकी है, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 58.5% था. देश के तीन राज्यों असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. इन तीनों क्षेत्रों की कुल 296 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है.
उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद
इसके साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी. असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोटिंग है.असम की 126 सीटों के लिए 722 उम्मीदवार मैदान में हैं और यहां बहुमत का आंकड़ा 64 है. 4 मई को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे. अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं.
उपचुनाव के लिए भी मतदान
कर्नाटक की दो, नगालैंड और त्रिपुरा की एक-एक विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है. नगालैंड की 28-कोरिडांग (एसटी) विधानसभा और त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा सीट पर वोटिंग चल रही है. वहीं कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण सीट पर भी वोटिंग हो रही है.
इसे भी पढ़ें. विधानसभा चुनाव: असम में BJP की ‘हैट्रिक’ पर नजर, एक दशक बाद वापसी की कोशिश में कांग्रेस, भविष्य तय करेंगे 2.50 करोड़ मतदाता!

